प्रज्ञा प्रवाह द्वारा इंदौर में 28 सितम्बर को आयोजित होगा “नारी तू नारायणी’
प्रज्ञा प्रवाह द्वारा इंदौर में 28 सितम्बर को आयोजित होगा “नारी तू नारायणी’ सम्मेलन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में हुआ “पोस्टर विमोचन”
इंदौर। प्रज्ञा प्रवाह, इंदौर
(वाग्देवी विचार न्यास) द्वारा आगामी २८ सितम्बर को “नारी तू नारायणी” शीर्षक के साथ एक दिवसीय चिंतन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश की प्रमुख वक्ता नारी विषयक विषयों पर सत्रों को संबोधित करेंगी तथा प्रतिभागी के रूप में इंदौर -उज्जैन संभाग की प्रबुद्ध महिलाये व महिला विषयक विषयों के प्रबुद्ध उपस्थित रहेंगे।इस वृहद और उपयोगी कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में हुआ। पोस्टर का विमोचन विनय दीक्षित (संयोजक, मध्यक्षेत्र व पश्चिम क्षेत्र, प्रज्ञा प्रवाह), प्रोफेसर राकेश सिंघई (कुलगुरु,देअविवि) प्रोफेसर दीपक श्रीवास्तव व प्रज्ञा प्रवाह क्षेत्र संयोजक मिलिंद दांडेकर द्वारा किया गया।
इस सम्मेलन का केंद्रीय विषय ‘स्त्री – कल, आज और कल’ रहेगा, जिसमें भारतीय दृष्टि से स्त्री जागृति, भविष्य के भारत में स्त्री योगदान और उसकी भूमिका पर विमर्श होगा। आयोजकों का कहना है कि जब दुनिया नारी मुक्ति की बात करती है, तब भारतीय संस्कृति में नारी सम्मान और नेतृत्व का परंपरागत स्थान पहले से ही मौजूद रहा है।
प्रज्ञा प्रवाह की महिला आयाम प्रांत प्रमुख समीक्षा नायक ने बताया कि इस एक दिवसीय सम्मेलन के चार सत्र होंगे, जिनमें सुप्रीम कोर्ट की वकील और अखिल भारतीय महिला आयाम प्रमुख मोनिका अरोड़ा, हरियाणा विश्वविद्यालय की पूर्व कुलपति प्रो. सुषमा यादव, आईआईएम अहमदाबाद से शिक्षित संस्कृति स्कॉलर अमी गणात्रा, भारतीय स्त्री शक्ति चिंतक नयना शहस्त्रबुद्धे और दिल्ली विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर व लेखिका अदिति पासवान जैसी विदुषी वक्ता अपने विचार रखेंगी।कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय इतिहास, संस्कृति और समाज में स्त्री की भूमिका पर गहन विमर्श कर वर्तमान और भविष्य के लिए नए दृष्टिकोण प्रस्तुत करना है।
आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन न केवल महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान को रेखांकित करेगा, बल्कि समाज को नारी शक्ति के प्रति जागरूक करने का माध्यम भी बनेगा। पोस्टर विमोचन के साथ ही इस आयोजन का शंखनाद हो गया है।
विमोचन के दौरान श्री मयंक सक्सेना (प्रांत संयोजक) , मुकेश गुप्ता ,अमन व्यास और प्रोफसर पूजा जैन, मेनका जादोन व बुद्धिजीवी महिलाये उपस्थित थी।